काऊ के करीबी रहे हरक ने उठाई गिरफ्तारी की मांग

Harak raised the demand for arrest

देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। प्रारंभिक शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल के साथ कथित मारपीट का मामला अब सियासी संग्राम का रूप ले चुका है। सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों और वीडियो ने इस प्रकरण को और गंभीर बना दिया है, जिससे सरकार, संगठन और प्रशासन सभी पर जवाब देने का दबाव बढ़ गया है। हालांकि पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, मगर फिर भी सियासी बवाल जारी है।

घटना को लेकर आरोप भाजपा विधायक उमेश शर्मा काऊ पर लगाए जा रहे हैं। विपक्षी दल कांग्रेस ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए विधायक की तत्काल गिरफ्तारी की बात कही है। इस बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरक सिंह रावत खुलकर सामने आए हैं।

कभी भाजपा में रहते हुए उमेश शर्मा काऊ के करीबी रहे हरक सिंह रावत ने न सिर्फ गिरफ्तारी की मांग की, बल्कि विधायक के पूर्व आचरण पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब वे भाजपा सरकार में मंत्री थे, तब भी उमेश शर्मा अधिकारियों पर नाराज होकर मर्यादा लांघ जाते थे और कई बार उन्हें स्वयं हस्तक्षेप कर स्थिति संभालनी पड़ती थी।

हरक सिंह रावत ने कहा कि इस तरह की घटनाएं उत्तराखंड जैसे शांत राज्य के लिए ठीक नहीं हैं। इससे प्रशासनिक व्यवस्था कमजोर होती है और शासन-प्रशासन की साख पर असर पड़ता है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब जनप्रतिनिधि ही नियमों और मर्यादाओं का पालन नहीं करेंगे, तो आम जनता से कानून के सम्मान की अपेक्षा कैसे की जा सकती है।