देहरादून। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी का कल निधन होने के चलते राज्य सरकार द्वारा तीन दिवसीय राजकीय शोक घोषित किये जाने के उपरांत भी राजपुर स्थित डीआईटी कॉलेज द्वारा कल देर शाम अपने परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन कर लिया। राजपुर थाना द्वारा डीआईटी प्रबंधक के विरुद्ध सरकारी आदेश की अवहेलना पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी का लंबी बीमारी क़े बाद निधन हो जाने के चलते प्रदेश सरकार द्वारा राज्य भर में तीन दिवसीय राजकीय शोक घोषित किया गया है, जिसके तहत तीन दिवस तक प्रदेश में तिरंगा आधा झुका हुआ रहेगा। साथ ही राज्यभर में किसी भी सार्वजनिक रंगारंग व मनोरंजन कार्यक्रम आयोजन की मनाही रहेगी। इसके साथ ही निदेशक माध्यमिक शिक्षा उत्तराखंड द्वारा भी कल 19 मई को पत्र जारी करते हुए राजकीय शोक के दौरान राज्य के किसी भी शैक्षिक संस्थानों में किसी भी प्रकार के मनोरंजन/ सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर रोक लगाई गई थी।
इस विषय मे सभी शैक्षणिक संस्थानों को अवगत कराया गया था।किन्तु उसके बावजूद भी कल मंगलवार देर शाम को राजपुर स्थित डीआईटी यूनिवर्सिटी द्वारा अपने परिसर में सांस्कृतिक/मनोरंजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। जिस पर थाना राजपुर द्वारा डीआईटी यूनिवर्सिटी के प्रबंधक के विरुद्ध जानबूझकर सरकारी आदेशों की अवहेलना करने पर पुलिस द्वारा धारा 223 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।



