लाउडस्पीकर हटाने के मुद्दे पर डीजीपी से मिले कांग्रेसी

Congress members met DGP over issue of removing loudspeakers

देहरादून। उत्तराखंड में मस्जिदों से लाउडस्पीकर हटाए जाने की कार्रवाई को लेकर कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग ने सोमवार को पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) दीपम सेठ से मुलाकात कर अपनी चिंता व्यक्त की। प्रतिनिधिमंडल ने कानून के दायरे में सभी धर्मों और समुदायों के साथ समान एवं निष्पक्ष व्यवहार सुनिश्चित करने की मांग की।

पुलिस मुख्यालय में हुई इस मुलाकात में पिरान कलियर से विधायक फुरकान अहमद व उत्तराखंड कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद सुलेमान अंसारी शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने देहरादून सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में धार्मिक स्थलों, विशेषकर मस्जिदों से लाउडस्पीकर हटाने की कार्रवाई पर चर्चा करते हुए जनभावनाओं और समुदाय की चिंताओं से डीजीपी को अवगत कराया।

उन्होंने आग्रह किया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए सभी धार्मिक समुदायों के साथ समान और निष्पक्ष व्यवहार किया जाए तथा किसी भी कार्रवाई में निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित हो। मुलाकात के दौरान कांवड़ यात्रा के मद्देनजर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के विषय पर भी चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि जहां कानून-व्यवस्था की दृष्टि से संभव हो, वहां आवश्यक प्रतिबंधों की समीक्षा कर सामान्य स्थिति बहाल की जाए, ताकि सभी नागरिकों की धार्मिक स्वतंत्रता और संवैधानिक अधिकारों का सम्मान बना रहे।

उल्लेखनीय है कि हरिद्वार, देहरादून, नैनीताल और ऊधम सिंह नगर सहित प्रदेश के कई जिलों में पिछले कुछ दिनों से मस्जिदों से लाउडस्पीकर हटाने की कार्रवाई चल रही है। विभिन्न रिपोर्टों के अनुसार अब तक 130 से अधिक मस्जिदों से लाउडस्पीकर हटाए जाने की खबरें सामने आ चुकी हैं।