दायित्व फाउंडेशन ने 270 मेधावी छात्रों को किया सम्मानित

on

|

देहरादून। दायित्व फाउंडेशन ट्रस्ट की और से आयोजित पांचवें प्रतिभा सम्मान समारोह में रविवार को संस्कृति विभाग के प्रेक्षागृह में शिक्षा, प्रतिभा और सामाजिक सरोकारों का अद्भुत संगम देखने को मिला। समारोह में विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के करीब 270 मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली विभूतियों को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता एनएचआई के पूर्व प्रोजेक्ट डायरेक्टर मोहम्मद खालिद ने की, जबकि डॉ. एस. फारूक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अपने अध्यक्षीय संबोधन में मोहम्मद खालिद ने कहा कि आज के छात्र ही कल के राष्ट्रनिर्माता हैं। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, अनुशासन और नैतिक मूल्यों को अपनाकर देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की प्रगति में युवा शक्ति की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है।

मुख्य अतिथि डॉ. एस. फारूक ने शिक्षा को विकास की सबसे बड़ी कुंजी बताते हुए कहा कि समाज की उन्नति के लिए बेटियों को उच्च शिक्षा प्रदान करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों से बालिकाओं की शिक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की।

Dayitva Foundation honored 270 meritorious students

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक, ट्रैफिक निदेशालय शाहजहां जावेद खान, पूर्व अपर सचिव उत्तराखंड शासन मोहम्मद नासिर, वित्त निदेशक आईटीडीए उत्तराखंड शासन डॉ. तंजीम अली, पूर्व विभागाध्यक्ष (पीडब्ल्यूडी) अयाज़ अहमद, प्रयाग आईएएस अकादमी के निदेशक आर.ए. खान तथा देहरादून डिफेंस स्कूल के प्रबंधक आशू अहमद ने भी छात्रों को संबोधित किया।

डॉ. तंजीम अली ने कहा कि जीवन में सफलता उन्हीं को मिलती है जो स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर पूरी लगन और मेहनत से अध्ययन करते हैं। वक्ताओं ने छात्रों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, करियर निर्माण तथा समय प्रबंधन के महत्वपूर्ण गुर भी बताए। कार्यक्रम में दायित्व फाउंडेशन ट्रस्ट के अध्यक्ष मोहम्मद यूसुफ ने संस्था की गतिविधियों और उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए छात्रों को निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का सफल संचालन मोहम्मद शाह नज़र ने किया।

इस मौके पर हाजी यूसुफ, हाजी इकबाल, मो. इमरान, मो. इकराम, फैजान अहमद, सिराज अहमद, यासीन मलिक, तौसीफ खान, मास्टर अब्दुल सत्तार, अब्दुल अलीम अंसारी, मोहसीन खान, आरिफ खान आदि मौजूद रहे।  

दायित्व फाउंडेशन की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में समाज, शिक्षा, प्रशासन और जनसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अनेक प्रतिभाशाली व्यक्तियों को सम्मानित किया गया।
युवा गौरव सम्मान-2026 के अंतर्गत फराज़ मियां को एसडीएम पद पर चयन के लिए सम्मानित किया गया।

वहीं, आफरीन को कारागार विभाग में सहायक लेखाकार पद पर चयन, शबीना नाज़ और जैनब खान को एडीओ (सहकारिता विभाग) एवं सहायक लेखाकार पदों पर चयन, रिजवान अहमद व मोहम्मद शारिक को शहरी विकास विभाग में सेनेट्री इंस्पेक्टर के रूप में चयन पर सम्मानित किया गया। इसके अलावा समाज सेवा के लिये सैयद डॉ. एस. फारूक को शिक्षा, सामाजिक उत्थान एवं जनसेवा में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

पीपीएस अधिकारी शाहजहां जावेद खान, पूर्व अपर सचिव मोहम्मद नासिर को लोक सेवा एवं प्रशासनिक उत्कृष्टता में उल्लेखनीय योगदान, पीसीएस अधिकारी डॉ. तंजीम अली को विकासोन्मुख वित्तीय प्रशासन एवं जनहितकारी सेवाओं के लिए सम्मान प्रदान किया गया। पूर्व एचओडी लोक निर्माण विभाग अयाज़ अहमद को विशिष्ट सेवा सम्मान दिया गया। शिक्षा गौरव सम्मान के अंतर्गत आर. ए. खान व आशू अहमद को नवाजा गया। उद्योग एवं समाज सेवा सम्मान शेख इकबाल हुसैन को उद्यमिता, कला संवर्धन एवं सामाजिक योगदान के लिए प्रदान किया गया। सीए मोहम्मद सादात को भी नवाज़ा गया। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here