डीएम ने अधिकारियों को चेताया, मतदाता सूची में एक भी त्रुटि न रहे

on

|

देहरादून। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप देहरादून जनपद में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) कार्यक्रम को पारदर्शी, शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने शनिवार को पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी रिटर्निंग ऑफिसर (आरओ) एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर (एआरओ) को विधानसभा क्षेत्रवार लक्ष्य निर्धारित कर मतदाता सूची का गहन सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) के माध्यम से प्रत्येक मतदाता का सावधानीपूर्वक सत्यापन कराया जाए। मतदाता सूची में दर्ज डुप्लीकेट नामों को नियमानुसार पृथक करने के साथ ही नाम, पिता के नाम एवं अन्य विवरणों में पाई जाने वाली त्रुटियों को तत्काल दुरुस्त कराया जाए। इसके लिए संबंधित मतदाताओं से फार्म-8 प्राप्त कर संशोधन की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने जनपद में 100 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके 109 मतदाताओं तथा 50 ट्रांसजेंडर मतदाताओं का पुनः सत्यापन कराने के भी निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। इसका उद्देश्य प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल करना तथा अपात्र एवं दोहराव वाले नामों को नियमानुसार हटाकर मतदाता सूची को शुद्ध एवं विश्वसनीय बनाना है। उन्होंने सभी निर्वाचन अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने तथा एसएसआर कार्यक्रम की प्रगति की दैनिक समीक्षा करने के निर्देश दिए।

सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी ने बैठक में जानकारी दी कि जनपद में 12 नवंबर 2026 को प्रारूप मतदाता सूची (ड्राफ्ट रोल) का प्रकाशन किया जा चुका है। इस पर 11 दिसंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद 04 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 3 अक्टूबर 2026 से पूर्व जनपद में कुल 11,94,797 मतदाता पंजीकृत थे। पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान नए मतदाताओं के पंजीकरण के बाद 12 नवंबर को प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची में कुल 12,28,746 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 6,32,396 पुरुष, 5,96,300 महिला तथा 50 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी, अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) केके मिश्रा, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) जितेंद्र कुमार, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र देवली सहित सभी ईआरओ व एईआरओ वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here