बिना पंजीकरण यात्री वाहनों की केदारनाथ मार्ग पर रहेगी एंट्री बंद

on

|

रूद्रप्रयाग। Entry of unregistered vehicles will remain closed on Kedarnath road श्री केदारनाथ धाम में यात्रियों के बढ़ते दबाव के मद्देनजर अब पुलिस प्रशासन द्वारा बिना पंजीकरण कराये यात्री वाहनो की केदारनाथ मार्ग पर एंट्री बंद कर दी गयी है। पुलिस द्वारा अब केदारनाथ मार्ग पर बैरियर लगाकर तलाशी ली जा रही है।

केदारनाथ धाम यात्रा में अत्यधिक संख्या में श्रद्धालु एवं यात्री वाहन आ रहे हैं। केदारनाथ धाम के कपाट खुलने से लेकर पहले 7 दिनों में एक लाख अस्सी हजार से अधिक यात्री केदारनाथ धाम पहुंच चुके हैं व अत्यधिक संख्या में श्रद्धालु केदारनाथ धाम सहित, पैदल मार्ग एव रास्ते में हैं।

बताते चलें कि केदारनाथ धाम सहित यात्रा पड़ावों पर रुकने की एक निश्चित क्षमता है। जनपद में स्थित पार्किंगों की भी एक निश्चित क्षमता है। सबसे बड़ी बात कि सीतापुर व सोनप्रयाग स्थित पार्किंगों में किसी वाहन की एन्ट्री हो जाने के उपरान्त वाहन तीन दिन तक पार्किंग में ही रहता है।

पार्किंग की एक निश्चित क्षमता होने तथा इससे निकासी काफी कम होने व बाहर से अत्यधिक संख्या में वाहनों के आने से यात्रा मार्ग पर अत्यधिक दबाव बढ़ रहा है। वाहनों के दबाव को कम किये जाने हेतु जनपद की चैकी जवाड़ी बाई पास पर बाहर से आने वाले वाहनों की चेकिंग की जा रही है।

बद्रीनाथ धाम की तरफ जा रहे वाहनों को मुख्य बाजार रुद्रप्रयाग होते हुए जाने दिया जा रहा है, केदारनाथ धाम की ओर जाने वाले वाहनों में निर्धारित तिथि का पंजीकरण होने पर ही यात्रियों/वाहनों को जाने दिया जा रहा है। कतिपय यात्री वाहन बिना पंजीकरण के ही जनपद में आ रहे हैं ऐसे वाहनों की जनपद के केदारनाथ धाम के लिए एन्ट्री बिल्कुल बन्द कर दी गयी है|

पंजीकरण के उपरान्त निर्धारित तिथि को ही केदारनाथ धाम यात्रा पर आने के लिए बताया जा रहा है। स्वयं पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग ने गत दिवस एवं आज भी चैकी जवाड़ी पर बनायी गयी व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर सम्बन्धित प्रभारियों को आवश्यक दिशाकृनिर्देश दिये गये हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here