- किसी के डर से कलम रोक दें, नहीं मुमकिन…
- प्रोग्रेसिव कम्यूनीटि के मुशायरे में शायरों ने बांधा समां
- उत्तराखंड राज्य स्थापना और उर्दू दिवस पर सजी काव्य की महफिल
देहरादून। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस और उर्दू दिवस पर सोमवार की देर रात वन विहार स्थित रियाजुल हसन सिद्दीकी के सर सैयद हॉल में आयोजित मुशायरे-गोष्ठी में वक्ताओं-शायरों ने उर्दू की दिलकश शायरी, खूबसूरत अल्फाज और अदबी तहजीब से समां बांध दिया।
मुशायरे में उर्दू अदब की मिठास के साथ मोहब्बत, इंसानियत, सामाजिक सरोकार और मौजूदा दौर की चुनौतियों की झलक भी देखने को मिली। मुशायरे की अध्यक्षता प्रयाग आईएएस अकादमी, देहरादून के निदेशक एवं पूर्व राज्य मंत्री आरए खान ने की, जबकि कांग्रेस के राष्ट्रीय संचार विभाग के सचिव वैभव वालिया मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। आयोजक प्रोग्रेसिव कम्यूनीटि के अध्यक्ष डॉ. रियाजुल हसन सिद्दीकी ने शानदार निजामत के फराईज अंजाम दिये।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में सैयद मोहम्मद कासिम, एमएम खान, राव नसीम अहमद, खुर्शीद अहमद, डॉ. जमशेद उस्मानी, उवैस थानवी, अशरफ हाशमी,मोहम्मद शाह नजर, अनवर कमाल, मुश्ताक अहमद, फरहान रजा खान और फारूक जाफरी आदि उपस्थित रहे। मुशायरे में शायरा मोनिका मानत्शा ने अपने अशआर के जरिए मौजूदा हालात और सावन की तल्ख हकीकत को कुछ इस अंदाज में बयां किया :-
बारिशों की धार भी दस्ते क़ातिल की तरह हैं,
जानलेवा अबके सावन का महीना हो गया।
वहीं एएम इम्तियाज अहमद ने अपनी खूबसूरत गजल के अशआर सुनाकर खूब दाद बटोरी,
मंजिलों पर बुला रही हैं मुझे,
कोई आवाज़ आ रही है मुझे।
चांदनी गुनगुना रही है मुझे,
मेरी ग़ज़लें सुना रही हैं मुझे।
मेरा उस्ताद कोई एक नहीं,
सारी दुनिया सिखा रही है मुझे।
डॉ. महाशीर हुसैन खान ने अल्फाज की अहमियत और अभिव्यक्ति के हुनर को अपने अंदाज में पेश करते हुए कहा,
लफ्ज़ों को होंठों पे तौलते हैं हम,
तब जाकर बोलते हैं हम।
उन्होंने अपनी नज्म ‘मेरी जन्नत मेरा कश्मीर’ भी पेश की, जिसे श्रोताओं ने खूब सराहा।
राही नहटौरी ने मौजूदा सामाजिक और आर्थिक हालात पर तंज कसते हुए कहा,
एक भयानक सा ख्वाब लगती है,
जिंदगानी अज़ाब लगती है।
खस्ताहाली ने नक्शा बदल डाला,
अब तो हर चीज खराब लगती है।
शाख दुनवी और दर्द गढ़वाली ने भी अपने शानदार कलाम से महफिल में चार चांद लगाए। खासतौर पर दर्द गढ़वाली के अशआर ने श्रोताओं को सोचने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने कलम की आजादी और बेबाक अभिव्यक्ति को आवाज देते हुए कहा,
कोई भी शख़्स हो, आली-मक़ाम थोड़ी है,
हमारे लहज़े में शामिल सलाम थोड़ी है।
किसी के डर से कलम रोक दें, नहीं मुमकिन,
हमारी सोच किसी की गुलाम थोड़ी है।
दर्द गढ़वाली के इन अशआर पर महफिल में खूब वाहवाही हुई।
पूरे कार्यक्रम में उर्दू भाषा की मिठास, शायरी की खूबसूरती और अदबी परंपरा का अनूठा संगम देखने को मिला। मुशायरे ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि उर्दू महज एक भाषा नहीं, बल्कि तहजीब, मोहब्बत, भाईचारे और साझा सांस्कृतिक विरासत का नाम है। उत्तराखंड स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित इस अदबी महफिल ने राज्य की गंगा-जमुनी तहजीब को भी खूबसूरती से प्रस्तुत किया।






