कांग्रेस के हल्ला बोल में गुलजार अहमद का शक्ति प्रदर्शन

Gulzar Ahmed show of strength at Congress 'Halla Bol' protest

देहरादून। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कथित अपमान, बढ़ते महिला अपराध, पेपर लीक, सरकारी नौकरियों में कथित अनियमितता, किसानों के उत्पीड़न और जमीनों की नीलामी के मुद्दों को लेकर सोमवार को देहरादून में कांग्रेस ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार हल्ला बोला। मुख्यमंत्री आवास घेराव के लिए प्रदेशभर से जुटे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जहां अपनी ताकत दिखाई।

वहीं सहसपुर विधानसभा से पूर्व राज्यमंत्री गुलजार अहमद ने बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ पहुंचकर अपने सियासी दमखम का प्रदर्शन किया। गुलजार अहमद के नेतृत्व में पहुंचे समर्थकों की मौजूदगी प्रदर्शन के दौरान खास तौर पर चर्चा का विषय रही। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ प्रदर्शन में शामिल होकर उन्होंने सहसपुर क्षेत्र में अपनी राजनीतिक सक्रियता और संगठन पर पकड़ का संदेश दिया। समर्थकों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए कांग्रेस के आंदोलन को समर्थन दिया।

मुख्यमंत्री आवास घेराव में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, प्रीतम सिंह समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। नेताओं ने भाजपा सरकार पर युवाओं, महिलाओं और किसानों के हितों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए सरकार से जवाब मांगा।

गुलजार अहमद के समर्थकों की भीड़ को सहसपुर की सियासत में उनके बढ़ते प्रभाव और आने वाले विधानसभा चुनाव से पहले शक्ति प्रदर्शन के तौर पर भी देखा जा रहा है। प्रदर्शन में उनकी सक्रिय भागीदारी ने कांग्रेस के भीतर सहसपुर सीट को लेकर राजनीतिक गतिविधियों को भी चर्चा में ला दिया है।