एआई से चल रहे प्रचार पर पूर्व सीएम ने साधा भाजपा पर निशाना
देहरादून। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने अपने खिलाफ सोशल मीडिया पर चलाए जा रहे कथित प्रचार अभियान को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के जरिए उनके खिलाफ तरह-तरह की पोस्ट और सामग्री प्रसारित की जा रही है। रावत ने कहा कि अभियान कितना भी चला लिया जाए, वह दबाव में झुकने वाले नहीं हैं।
हरीश रावत ने कहा कि इन दिनों भाजपा से जुड़े लोग उनके खिलाफ ‘एआई’ का खूब इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ऐसा लगता है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का आना भाजपा के लिए एक ‘सौगात’ बन गया है और इस सौगात का इस्तेमाल उनके खिलाफ किया जा रहा है।
⚡ “कैंपेन कितना भी चला लो, हरीश रावत नहीं झुकेगा!” ✊🔥
“भाजपा के दोस्त आजकल मुझ पर AI (Artificial Intelligence) का बहुत इस्तेमाल कर रहे हैं। ऐसा लग रहा है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस क्या आई, भाजपा को एक सौगात मिल गई और वे सारी सौगात मुझ पर बरसा रहे हैं। कोई दिन ऐसा नहीं है, जब… pic.twitter.com/DonCnpG2SU
— Harish Rawat (@harishrawatcmuk) September 8, 2026
उन्होंने कहा कि आए दिन सोशल मीडिया पर कुछ पोस्ट और कथित ‘पेज’ के जरिए उन्हें लेकर ऐसी सामग्री सामने लाई जाती है, जिसका उद्देश्य उनकी छवि को प्रभावित करना है। रावत ने कुछ पेजों का भी उल्लेख करते हुए कहा कि इन माध्यमों से उनके खिलाफ लगातार प्रचार किया जा रहा है।
एक तरफ कहते हैं निपट गया, दूसरी तरफ पीछे पड़े हैं
रावत ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि एक ओर भाजपा से जुड़े कुछ अखबारी मित्र और उनके कुछ शुभचिंतक यह कह रहे हैं कि हरीश रावत की राजनीति खत्म हो गई है, वहीं दूसरी ओर भाजपा अब भी उनके पीछे पड़ी हुई है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि वह राजनीतिक रूप से इतने अप्रासंगिक हो गए हैं तो फिर उनके खिलाफ इस तरह का अभियान चलाने की जरूरत क्यों पड़ रही है।
मुकदमा कराने और थाने में धरने के दिये संकेत
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून लौटने के बाद वह इस पूरे मामले को लेकर कड़ा कदम उठा सकते हैं। उन्होंने संकेत दिया कि जरूरत पड़ी तो संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए कानूनी रास्ता अपनाया जाएगा या थाने में धरना भी दिया जा सकता है। रावत ने कहा कि अब वह खुलकर यह सवाल उठाएंगे कि आखिर किन लोगों की मदद से उनके खिलाफ यह कथित अभियान चलाया जा रहा है और इसके पीछे कौन लोग सक्रिय हैं।




