विधायक हरीश धामी ने राज्यपाल को पत्र लिखकर जताई हत्या की आशंका

on

|

देहरादून। धारचूला विधायक हरीश धामी ने अपनी जान को खतरा बताते हुए राज्यपाल को एक पत्र लिखा है। हरीश धामी ने पत्र के माध्यम से अपनी सुरक्षा में पूर्व से तैनात गनर को बदले जाने पर कड़ी आपत्ति जताई है और इसे अपने खिलाफ एक गंभीर साजिश बताया है। साथ ही उन्होंने राज्यपाल को पत्र लिखकर पूर्व से तैनात गनर को पुनः बहाल करने की मांग है। पुराना गनर बहाल ना होने पर उन्हें नए गनर की कोई आवश्यकता नहीं है।

धारचूला से कांग्रेस विधायक हरीश धामी ने कहा है कि वे वर्तमान में सरकार और मुख्यमंत्री की मुखालफत कर रहे हैं। इसी कारण उनकी सुरक्षा में पहले से तैनात गनर को हटाकर नया गनर तैनात किया गया है। विधायक ने पत्र में आशंका व्यक्त की है कि नए गनर की तैनाती का उद्देश्य उनकी पल-पल की खबर और लोकेशन सरकार तक पहुंचाना है, ताकि उचित मौका मिलने पर उनकी हत्या कराई जा सके।

हरीश धामी ने राज्यपाल से पत्र लिखकर अनुरोध किया है कि संबंधित अधिकारियों को निर्देशित कर उनकी सुरक्षा में पूर्व से तैनात गनर को पुनः बहाल किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि पुराना गनर वापस नहीं दिया जाता है, तो उन्हें नए गनर की कोई आवश्यकता नहीं है, क्योंकि इससे उनकी निजता भंग हो रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में उनके साथ कोई भी अप्रिय घटना घटित होती है या उनकी हत्या होती है, तो इसकी जिम्मेदारी मुख्यमंत्री और सरकार की होगी।

हरीश धामी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल फेसबुक पर लिखा कि जनहित की आवाज उठाना कोई अपराध नहीं है। उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा गया कि धारचूला की जनता के अधिकारों और क्षेत्रीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाने वाले जनप्रतिनिधि की सुरक्षा में कटौती या बदलाव अत्यंत चिंताजनक है। राज्यपाल को पत्र लिखकर सुरक्षा की गुहार लगाना लोकतांत्रिक मूल्यों पर एक गंभीर सवाल खड़ा करता है।

लोकतंत्र में सरकार से सवाल करना एक विधायक का अधिकार और जनता के हितों की रक्षा करना उसका प्राथमिक कर्तव्य है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को राजनीतिक दबाव या प्रतिशोध का माध्यम बनाना अनुचित है। उम्मीद है कि महामहिम राज्यपाल इस संवेदनशील प्रकरण में हस्तक्षेप कर सुरक्षा पुनः बहाल करने के निर्देश देंगे, क्योंकि किसी भी दबाव से जनहित के संघर्ष को डराया या दबाया नहीं जा सकता।

गौर हो कि इस सियासी घमासान की नींव बीते 14 नवंबर को जौलजीबी मेले के शुभारंभ पर पड़ी थी। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने मेले का उद्घाटन किया था, लेकिन कार्यक्रम के दौरान माहौल उस समय तनावपूर्ण हो गया जब मेला समिति के अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक हरीश धामी का संबोधन नहीं हुआ। जिसके बाद भड़के आक्रोश के बाद मंच पर जमकर हंगामा हुआ और कुर्सियां व माइक क्षतिग्रस्त हुए। पुलिस ने मामले में विधायक हरीश धामी समेत अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया और चार कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी लिया, जिन्हें बाद में न्यायालय से जमानत मिल गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here