कोसी नदी में मिला नवजात का शव, पुलिस जांच में जुटी

on

|

नैनीताल। शनिवार सुबह रामनगर के ग्राम पूछड़ी के पास कोसी नदी से एक नवजात शिशु का शव बरामद हुआ। शव मिलने की चर्चा पूरे गांव में फैलने के साथ ही सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

जानकारी के मुताबिक, रामनगर कोतवाली वरिष्ठ उपनिरीक्षक मोहम्मद यूनुस ने बताया कि शनिवार सुबह सूचना मिली कि कोसी नदी में एक शिशु की लाश मिली है। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और ग्राम पूछड़ी स्थित फौजी कॉलोनी के समीप एक सफेद कपड़े में नवजात की लाश मिली। प्रतीत होता है कि नवजात कुछ दिनों पहले ही हुआ है।

फिलहाल शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और इस मामले में पंचायतनामा भरने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। वहीं पुलिस अब आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नवजात को नदी में किसने फेंका।

साथ ही ये भी जांच का विषय है कि फेंकते समय नवजात जिंदा था या नवजात के शव को फेंका गया है। इसके साथ क्षेत्र के अस्पतालों और नर्सिंग होम से भी जानकारी जुटाई जा रही है कि कहीं हाल ही में किसी युवती या महिला की डिलीवरी तो नहीं हुई है। पुलिस अब नर्सिंग होम और अस्पतालों में हाल ही में डिलीवरी हुई महिलाओं का रिकॉर्ड जुटा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here