देहरादून। गुजरात के बनासकांठा से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी की। उत्तराखंड के 8 लाख 8 हजार से अधिक किसानों के खातों में पीएम किसान सम्मान निधि की 161.96 करोड़ रुपये की राशि पहुंची। इसके लिए सीएम धामी ने पीएम मोदी का आभार जताया। सीएम धामी ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए राज्य और केंद्र सरकार निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सर्वे ऑडिटोरियम, हाथीबड़कला, देहरादून में आयोजित ‘पीएम-किसान उत्सव दिवस’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त के अंतर्गत देशभर के 9.34 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से 18 हजार 690 करोड़ रुपये की धनराशि हस्तांतरित की।
देहरादून में पीएम किसान उत्सव दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता कर उपस्थित देवतुल्य जनता को संबोधित किया। इस अवसर पर गुजरात में आयोजित कार्यक्रम में आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के उद्बोधन को वर्चुअल माध्यम से सुना।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किश्त के रूप में देशभर के 9.34 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में ₹18,690 करोड़ से अधिक की धनराशि DBT के माध्यम से हस्तांतरित की गई। इसी क्रम में उत्तराखंड के 8.8 लाख से अधिक किसानों के खातों में भी ₹161 करोड़ से अधिक की धनराशि हस्तांतरित की गई।
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) October 30, 2026
इसके अंतर्गत उत्तराखण्ड के भी 8 लाख 8 हजार से अधिक लाभार्थी किसानों के खातों में 161.96 करोड़ रुपये की सम्मान निधि हस्तांतरित की गई। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी लाभार्थी किसानों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चैहान का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों को आर्थिक संबल प्रदान करने की महत्वपूर्ण पहल है। वर्ष 2019 में योजना की पहली किस्त जारी होने के समय उत्तराखण्ड के लगभग चार लाख किसान इससे लाभान्वित हुए थे। आज प्रदेश में लाभार्थी किसानों की संख्या बढ़कर आठ लाख से अधिक हो चुकी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की सुरक्षा में हमारे जवानों का महत्वपूर्ण योगदान है, वहीं देश की खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने में किसानों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। किसान अपनी मेहनत से न केवल अन्न का उत्पादन करते हैं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था और समृद्धि में भी अहम योगदान देते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार किसानों के सम्मान, सुरक्षा और समृद्धि के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के माध्यम से किसानों को प्राकृतिक आपदाओं से फसलों को होने वाले नुकसान की स्थिति में आर्थिक सुरक्षा प्रदान की जा रही है। मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना से किसानों को मिट्टी की गुणवत्ता के अनुसार खेती करने में सहायता मिल रही है। इसके साथ ही प्राकृतिक खेती, आधुनिक कृषि तकनीकों और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को अधिक लाभकारी बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रदेश में नहरों से सिंचाई को पूरी तरह निःशुल्क किया गया है। किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से बजट में 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। राज्य में अब तक लगभग 115 करोड़ रुपये के निवेश से 350 से अधिक आधुनिक पॉलीहाउस तैयार किए जा चुके हैं। जिनसे संरक्षित खेती को बढ़ावा मिल रहा है।



