पिता संग पीसीसी पहुंचे वीरेंद्र रावत

on

|

देहरादून। Virendra Rawat reached PCC with his father हरिद्वार लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी वीरेंद्र रावत अपने पिता पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के साथ मंगलवार को कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय पहुंचे, और पार्टी अध्यक्ष करन माहरा सहित सभी वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की। वीरेंद्र रावत ने कहा कि जिस प्रकार हरिद्वार की सम्मानित जनता ने साल 2009 में हरीश रावत पर भरोसा जताया और अपना कीमती वोट देकर जीत दिलाई, उसी तरह इस बार के चुनाव में हरिद्वार की जनता उन्हें भी जीताने जा रही है।

हरिद्वार लोकसभा संसदीय क्षेत्र से टिकट मिलने के बाद कांग्रेस प्रत्याशी वीरेंद्र रावत अपने पिता पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के साथ कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की मूर्ति पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान वीरेंद्र रावत अपनी जीत को लेकर पूरी तरह से आश्वस्त दिखे। वहीं, पूर्व सीएम हरीश रावत का कहना है कि उनके राजनीतिक अनुभव का लाभ वीरेंद्र रावत को मिलेगा।

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने साफ किया कि 25 सालों के राजनीतिक कार्यकर्ता के तौर पर जो अनुभव वीरेंद्र रावत ने अर्जित किए हैं, उन अनुभवों के आधार पर शीर्ष नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि वीरेंद्र रावत काफी अच्छे जनप्रतिनिधि के तौर पर उभरे हैं, जो कुछ उन्होंने अपने 57 सालों के राजनीतिक जीवन में सीखा है, उसका भी लाभ वीरेंद्र रावत को लोकसभा चुनाव में मिलने जा रहा है।

कांग्रेस प्रत्याशी वीरेंद्र रावत का कहना है कि वो कल यानी 27 मार्च को सुबह 11 बजे नामांकन करने जा रहे हैं। उन्हें टिकट देकर शीर्ष नेतृत्व ने अपना आशीर्वाद दिया है। वीरेंद्र रावत का कहना है कि वो साल 2009 से हरिद्वार की राजनीति में सक्रिय रहे हैं, इसलिए हरिद्वार की जनता और कार्यकर्ताओं में कांग्रेस के प्रति भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।

वीरेंद्र रावत ने हरीश रावत के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि जब हरीश रावत मुख्यमंत्री रहे, उस दौरान हरिद्वार वासियों का दूसरा घर मुख्यमंत्री आवास हुआ करता था। इसी तरह की छवि हरिद्वार वासी उनसे चाह रहे हैं, जिस तरह साल 2009 में हरीश रावत को हरिद्वार की जनता ने प्यार जताया और वोट देकर जिताया, उसी तरह उन्हें भी हरिद्वार की जनता इस बार के चुनाव में भारी बहुमत से जीताने जा रही है। वीरेंद्र रावत ने पीसीसी अध्यक्ष करन माहरा से भी मुलाकात की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here