श्रम विभाग की और से पोखड़ा मुख्यालय पर आयोजित हुआ श्रमिक पंजीकरण एवं नवीनीकरण शिविर
पोखड़ा (पौडी)। चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विकासखंड पोखडा के ब्लॉक सभागार में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने अपने क्षेत्र भ्रमण के दूसरे दिन श्रमिक पंजीकरण एवं नवीनीकरण शिविर में जन प्रतिनिधियों, स्थानीय जनता को सम्बोधित करने के साथ-साथ जन समस्याओं को सुना और मौके पर ही पर ही उनका निस्तारण करने के लिए विभागीय अधिकारियो को निर्देश भी दिया।
महाराज ने पोखड़ा विकासखण्ड मुख्यालय पर सोमवार को आयोजित श्रमिक पंजीकरण एवं नवीनीकरण शिविर में क्षेत्रीय जनता को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विज़न के अनुरूप उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। श्रम विभाग द्वारा आयोजित इस प्रकार की पहल से प्रदेश सरकार जनता की समस्याओं को भी मौके पर निस्तारित करने का प्रयास कर रही है।
महाराज ने कहा कि श्रमिक केवल श्रम नहीं करता, बल्कि अपने पसीने से प्रदेश के विकास की नई इबारत लिखता है। सरकार का स्पष्ट उद्देश्य है कि श्रमिकों को उनके अधिकारों और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सरलता, पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से मिले। इसलिए मैं सभी श्रमिक भाई-बहनों से आग्रह करूंगा कि वे अपना पंजीकरण समय पर कराएं और जिनका पंजीकरण पहले से है, वे उसका नवीनीकरण भी अवश्य कराएं।
उन्होंने विभागीय अधिकारियों से कहा कि शिविरों में आने वाले प्रत्येक श्रमिक को पंजीकरण एवं नवीनीकरण की प्रक्रिया की पूरी जानकारी सरल भाषा में उपलब्ध कराई जाए। इस दौरान पोखड़ा मण्डल अध्यक्ष शैलेन्द्र दर्शन, प्रदेश भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुयश रावत, जिला महामंत्री महिपाल सिंह नेगी, ब्लाक प्रमुख संजय गुसाई, एसपी शाह, विधायक प्रतिनिधि प्रभूशरण बुडाकोटी, जिला पंचायत सदस्य वलवन्त नेगी, सुनील, विकास, पुष्कर जोशी, भगत सिंह रावत, राजपाल सिंह रावत, जिला महामंत्री महिला मोर्चा मधुबाला, जिला मंत्री महिला मोर्चा-नीमा रामेश्वरी जोशी, राजपाल सहित अनेक क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।




